परिधि के बाहर
कलायन पत्रिका
परिधि के बाहर
मथुरा कलौनी

“ईश्वर, तुम नहीं चाहते हो तो मैं नौकरी छोड़ देती हूँ।”
“जैसे मेरे कहने से तुम छोड़ ही दोगी।”
“तुम कह के तो देखो!”
“मैं क्यों कहूँ? तुम्हें छोड़ना है तो छोड़ो।”
“यानी चित भी मेरी, पट भी मेरी। तुमको अच्छी तरह से मालूम है कि अपनी इच्छा से मैं अपनी नौकरी नहीं छोड़ना चाहती। फिर जो मैं कमाती हूँ वह कम नहीं है। मैं नौकरी छोड़ दूँगी तो…”
“अरे तुम नौकरी छोड़ दोगी तो हम भूखे नहीं मरेंगे। अभी इतना कमाता ही हूँ कि हम दोनों का गुजारा हो सके। अपनी कमाई का बहुत घमंड तुम्हें?”
“घमंड नहीं गर्व है। तुम्हें अपनी स्थिति पर गर्व है तो मुझे भी है। कड़ी मेहनत और लगन से ही मैं इस स्थिति तक पहुँची हूँ।”
ईश्वर और चंद्रा का प्रेम विवाह था। चंद्रा आधुनिक दुनिया की एक कामकाजी महिला थी। हो सकता है उसने नौकरी मजबूरी में की हो। पर यह मजबूरी वैसी ही थी, जैसी एक पुरुष के लिए होती है। उसके जीवन की परिस्थिति ऐसी थी कि उसका नौकरी करना बहुत स्वाभाविक था। नौकरी करते उसको कर्इ वर्ष बीत गए थे। ऑफिस की दुनिया में उसकी अपनी जिम्मेदारी थी, अपनी महत्वाकांक्षाएँ थीं, अपने निर्णय थे। और यह अहसास था कि वह भी कुछ कर रही है जो किसी भी व्यक्ति के आत्मसम्मान के लिए इतना महत्वपूर्ण होता है।
डेढ़ साल पहले उसने र्इश्वर से शादी की थी। उसे मालूम था कि पुरुषों की दुनिया में यह कहना कुछ अटपटा लगता है कि उसने ईश्वर से शादी की थी, क्यों कि यहाँ पुरुष शादी करते हैं और स्त्रियों की शादी होती है। पर चंद्रा ने ऐसा कभी नहीं सोचा था। दोनों का प्रेम विवाह था – बराबरी का।
शादी का ग्लैमर तो कुछ ही महीनों में समाप्त प्राय हो गया था। फिर आरंभ हुए थे झगड़े। जैसा कि होता है, बिना किसी ठोस कारण वाले झगड़े। अपनी कुंठाओं और दबी हुई इच्छाओं का ओछा प्रदर्शन। पर चंद्रा परिपक्व थी। वह जानती थी कि ये झगड़े उन दोनों के बीच कारण-अकारण तनाव में सेफ्टी वाल्भ का काम करते हैं और इसलिए जीवन के अनिवार्य अंग हैं।
वह महसूस कर रही थी कि पिछले कुछ अरसे से एक दो विषयों पर झगड़े अधिक हो रहे थे। विषय थे उसकी स्वच्छंदता, उसकी नौकरी और उसका कुमार के साथ काम करना। पहली बार जब ईश्वर ने कुमार की मेहरबानी की बात की थी तो चंद्रा को उन दोनों के बीच प्यार और समझदारी की जो इमारत थी, ढहती हुर्इ नजर आई। केवल शादी के बंधन ने चंद्रा को बाँधे रखा। हालाँकि ईश्वर ने केवल ऐसी ही बात कही थी जो पुरुष प्रधान समाज में अकसर कही जाती है। चंद्रा को मालूम था कि कि औरत और मर्द के संबंधों में औरत को कभी भी अकारण दोषी ठहराया जा सकता है। पर उसे कम-से-कम ईश्वर से ऐसी आशा नहीं थी।
वह रात भर रोती रही थी। यदि ईश्वर के मन में गंदगी आई तो उसके पास अपनी समझदारी थी, चंद्रा का प्यार था, फिर उसने यह गंदगी क्यों उगली!
ईश्वर ने उसे बहुत मनाया। दो दिन तक रोया गिड़गिड़ाया। चंद्रा ने जब देखा कि वह सचमुच पश्चाताप कर रहा है तो वह ठीक हुई थी। यह तब की बात है। अब भी तैश में, गुस्से में ईश्वर कुमार की मेहरबानी की बात करता है। पर अब चंद्रा रोती नहीं है। दाम्पत्य जीवन के लिए कुछ मूल्य शायद चुकाना ही पड़ता है। अब वह इसी विचार को ढाल के तौर पर व्यवहार में लाती है। किंतु कुमार को ले कर उसका अपमान, अब भी एक करारी चोट होती है। वह अपने को सँभाले ही सँभाल पाती है। चोट करने के बाद ईश्वर अब भी पछताता है कि उसने ऐसा क्यों कहा।
“चंद्रा, आई एम सॉरी !” वह कहता है।
आगे पढ़े