Home
हास्य व्यंग्य
शहरों का शहर बनारस

शहरों का शहर बनारस

कलायन पत्रिका

शहरों का शहर बनारस


प्रोफेसर रमानाथ शर्मा

जब आमों में बौर आते हैं, टिकोरे उगते हैं और जब (यहाँ प्रशान्त महासागर के बीच बसे हवाई द्वीप-समूहों के एक द्वीप ओआहू पर बसे शहर होनोलुलु में, कम से कम मेरी कल्पना में ही) कोयल की टीस-भरी कूकों से चप्पा-चप्पा गूँज उठता है; जब खेतों और जंगलों में दूर बहुत दूर तक सरसों के फूलों की पीली चादर तन जाती है या फिर जब काली घटाएँ घिरती हैं, हवाएँ बगटुट-आवारा इधर-उधर फिर रही होती हैं और अचानक एक सतरंगी इंद्रधनुष न जाने कहाँ से उछलकर आकाश की छाती पर आराम से पसर जाता है, तो मुझे घर की याद आती है।
जी हाँ, मुझे बहुत याद आती है घर की, बनारस की, उस बनारस की जो गंगा के किनारे-किनारे, कुछ-कुछ इंद्रधनुष जैसा ही दक्षिण से उत्तर तक पसरा हुआ है। कहनेवाले तो यह भी कहते हैं कि गंगा के किनारे शहर नहीं बसा है। शहर के किनारे गंगा बसी हुई है। व्याकरण के पण्डित जानते हैं कि कैसे ‘गंगा के बीचोंबीच अहीरों की बस्ती’ गंगा में न होती हुई भी गंगा में ही होती है। गंगा के बीचोंबीच न होता हुआ भी बनारस गंगा के बीचोंबीच है ही। है न यह अजीब बात? वैसे ऐसी अजीब बातें और भी कई हैं मेरे पास इस नगर के बारे में। चाहे आप यह मानने के लिए तैयार न हों कि बनारस बाबा विश्वनाथ के त्रिशूल की नोक पर बसा हुआ है या चाहे आप यह भी न मानें कि काशी में मरनेवाला सीधे स्वर्ग ही जाता है, पर आप को यह तो मानना ही पड़ेगा कि भारत में यही एक अकेली जगह है जहाँ गंगा उलटी बहती है। जी हाँ, और कहीं नहीं, बस यहीं बहती है उलटी गंगा – दक्षिण से उत्तर की ओर। हुई न एक और अजीब बात यह? आइए आपका परिचय कराऊँ अपने इस अजीब प्यारे शहर से।

इस नगर के कई नाम हैं। अँगरेजों के जमाने में इसका नाम था बनारस। लोग-बाग अभी भी बनारस ही कहते हैं। बना रहे बनारस। वैसे इसका सही नाम है वाराणसी। जी हाँ, यह नाम भगवान बुद्ध के जन्म के पहले से ही चला आ रहा है। वरुणा और असी (आज का अस्सी) नदियों के बीच बसा हुआ नगर। वरुणा नदी वाराणसी नगर की उत्तरी सीमा है – यह नदी पश्चिम से पूरब की ओर बहती हुई गंगा मे जाकर मिल जाती है। असी शायद वाराणसी नगर की दक्षिणी सीमा पर पश्चिम से पूरब बहनेवाली एक छोटी नदी थी। आज तो इसका अस्तित्व एक छोटे नाले में ही सिमट कर रह गया है। इस नाले के पार, दूर तक, हिन्दू विश्वविद्यालय के विशाल कैम्पस (परिसर) के इर्द-गिर्द और उससे भी और आगे निकल गई हैं बस्तियाँ। काल के साथ-साथ काशी और बनारस के अतिरिक्त नामों से गुजरता हुआ यह शहर फिर वाराणसी पर आकर ठहर गया है। कल का अति प्राचीन सांस्कृतिक नगर आज अपने आप में कई छोटे-मोटे नए जन-संकुल नगरों को समेटे हुए रोज ही नई सीमाएँ खींच रहा है। नगर बहुत पुराना है। पुरानी तो इससे सटकर बहती हुई गंगा भी है। यह बता पाना बहुत मुश्किल है कि नदी और नगर में कौन ज्यादा पुराना है। इनके बहुत पुराने होने की बात मैं बार-बार इसलिए कर रहा हूँ क्योंकि इस नगर की आत्मा की पहचान इसके पुरानेपन की बात उठाए बिना हो ही नहीं सकती। अच्छा तो सुनिए इसकी आत्मा की पहचान के बारे में।

बनारस एक तीर्थ नगर है। पण्डे-पुजारियों, मन्दिरों-देवालयों का। यहाँ गली का कोई भी नुक्कड़ नहीं जहाँ एक मूर्ति अपने छोटे देवालय में प्रतिष्ठित न हो। यहाँ सारे रास्ते घूम-फिरकर गंगा की ओर जाते लगते हैं। सभी रास्ते यहीं गंगा किनारे आकर खतम हो जाते हैं। जिन्दगी का चक्कर भी तो यहीं खतम होता है – महाश्मशान पर। जी हाँ, मणिकर्णिका नाम है इस शहर के महाश्मशान का। इस महाश्मशान की आग कभी ठंडी नहीं होती। वैश्वानर अपनी सहरुा कालजिह्वाएँ लपलपाता चौबीस घण्टे किसी दुर्मद की तरह चकरघिन्नी बना घूमता रहता है। लपटें और लपटें…लपटें ही लपटें। राख की ढेर पर बैठा महाश्मशान का रखवाला डोमराज यहाँ अब भी खप्पर में ढली सुरा पीता है। मांसपिण्डों की चिरायँध गन्ध उसके नथुनों की फड़फड़ाहट में तेजी लाती है। चिटकती हड्डियों की करताल पर थिरकता है डोमराज। जलो…जलो…जलो…मेरी दी हुई आग की लपटों में जलो। इसीलिए तो खरीदी थी यह आग तुम्हारे चाहनेवालों ने। हाँ वे ही, जिन्होंने राम-नाम सत्य की धुन पर कदम मिलाते हुए दो बाँसों की टिकटी पर तुम्हें ढोया, तुम्हारी चिता सजाई और मेरी दी हुई, या यह कहो कि मुझसे खरीदी हुई आग लेकर तुम्हें लपटों के हवाले कर दिया। यह शरीर पाँच तत्वों से बना है न ? क्षिति-जल-पावक-गगन-समीरा…तुम्हारा भस्मशेष शरीर अभी कुछ ही देर में गंगा को समर्पित कर देंगे ये। पंचतत्वों से बना पंचतत्वों में ही मिल जाएगा। महाश्मशान का यह सत्य पंचभौतिक जीवन का चरम सत्य है।

इस महाश्मशान के कुछ और भी सत्य हैं। एक तो मैं आपको बता भी चुका हूँ। अरे वही, डोमराज से खरीदी हुई आगवाला सत्य। जी हाँ, यहाँ हर जलनेवाला मरकर भी अपनी ही आग में जलता है। दूसरा सत्य? ये पण्डे-पुजारी, ये पिण्डभोजी महाब्रााहृण। इन्हें हर आदमी श्मशान के बाहर घटिया और दसनम्बरी समझता है। पर न जाने चिता के सामने ये दसनम्बरी अचानक ही असली कैसे बन जाते हैं। दान देनेवाले की बुद्धि का विपरिणाम है यह। नहीं, नहीं, दान लेनेवाले की बुद्धि का कमाल है यह। आखिर वैतरणी पार करानेवाली बछिया के ताऊ से बचकर कहा जाएगा मरनेवाला। बेचारे उसके चाहनेवाले अधर में तो उसे लटका हुआ छोड़ नहीं देंगे। स्वर्ग से लटकी हुई सीढ़ी चन्द सिक्कों की एवज में सुलभ जो कराते हैं ये। कहते हैं यह महाश्मशान सीढि़यों से उतर कर ही पहुँचा जाता है। देख लो ऊँचे से नीचे उतरती सीढि़याँ। कहनेवाले तो यह भी कहते हैं कि ये सीढि़याँ गंगा के गर्भ में बहुत दूर नीचे उतरकर पुनः ऊध्र्वमुखी हो जाती हैं। जी हाँ, यहाँ से सीधे स्वर्ग की ओर। सीढि़याँ बनारस का बहुत बड़ा सत्य उजागर करती हैं। आइए अब चलते हैं ऊपर…जी नहीं, स्वर्ग की ओर नहीं। वहाँ जाने के लिए तो पहले मरना होगा। अभी तो देर है वहाँ के लिए। हाँ, आइए, ऊपर चलें। देख रहे हैं न ये छोटी-छोटी पत्थर की सीढि़याँ – और एक नजर यह भी देखिए कि कितने ऊँचे तक जाती हैं ये। या यों समझ लीजिए कि गंगा का यह महाश्मशानवाला किनारा काफी नीचे है। यहाँ का रिवाज भी कुछ यही है- सीढ़ी-दर-सीढ़ी ऊपर जाइए और सीढ़ी दर सीढ़ी नीचे जाइए। अगर सीढि़याँ नहीं हैं तो गलियों से जाइए। जी हाँ, गलियाँ ! आपने असूर्यम्पश्या राजदाराओं की बात अक्सर सुनी है। पर आपने असूर्यम्पश्या गलियों की बात नहीं सुनी होगी। ऐसी गलियाँ यहाँ बीसियों हैं। एक घुघुरानी तो दूसरी कुकुरिया। पहली सँकरी तो है ही पर इतनी घुमावदार है कि बस चलते ही जाइए। दूर बहुत दूर अन्ततः मिलना ही है गंगा किनारे, अगर बीच में ही किसी ने गली का गला न घोंट दिया हो तो। दूसरी गली बहुत लम्बी नहीं, है तो गलघुटी पर सँकरी इतनी है कि दो कुत्ते साथ-साथ समांतर चलते एक दूसरे से आगे नहीं निकल सकते।

मुझे याद आता है अपना बचपन – जब ताऊ जी के घर आता था और कभी-कभी इन सीढि़यों की ऊँचाई से नीचे पहुँचकर श्मशान तक पहुँचनेवाला ही होता कि पुनः ऊपर भागने लगता। श्मशानी धुएँ की गन्ध बेबर्दाश्त हो जाती। जब भागता तो सीढि़याँ फलाँगता तेजी से। जब इतने ऊपर पहुँच जाता कि धुआँ सीधे नाक तक न पहुँच सके, तो थककर कुछ दम लेता। फिर धीरे-धीरे सीढि़याँ गिनते दूधविनायक तक आता। एक सौ पैंतालीस हुआ करती थीं तब वे सीढि़याँ जिन्हें मैं धीरे-धीरे चढ़कर आता। बाद में उन फलाँगी हुई सीढि़यों का भी हिसाब कर लिया था मैंने एक दिन। छियासठ धन एक सौ पैंतालीस बराबर कुल दो सौ ग्यारह सीढि़याँ – इन सीढि़यों की बात इसलिए कर रहा हूँ क्योंकि बनारस के पण्डे और सीढि़याँ दोनों ही मशहूर हैं। इनसे बचकर रहने में ही कल्याण है। वैसे बच कर रहनेवाली और भी कुछ चीजें हैं यहाँ जैसे राँड, साँड़ और संन्यासी। इन तीनों के साथ ही कुछ बातें एक जैसी ही लागू होती हैं। तीनों ही मुफ्त का माल चाँपते हैं और छुट्टा घूमते हैं। राँडें अब कम होती जा रही हैं क्योंकि धीरे-धीरे बाहर से यहाँ आकर मरने की इच्छा रखनेवाली राँडें या तो खर्चे की कमी से या फिर जिन्दा बने रहने की कामना से यहाँ आने की सोचती ही नहीं। पहले जो यहाँ आती थीं शायद बीमारी की हालत को मरने की स्थिति मानकर आती थीं पर कुछ दिन के दाना-पानी के बाद चंगी हो जाती थीं। फिर तो जिजीविषा को पनपते और बढ़कर फिलहाली स्थायीभाव पाते देर न लगती। फिर क्या! माँगना और खाना और घूमना। अब तो इनकी संख्या काफी कम हो गई है। जो भी हो, यह बनारस के एक तीसरे सत्य का अंग हैं। एक स्थानीय मुहावरा है – राँड, साँड़, सीढ़ी, संन्यासी, इनसे बचे तो सेवे कासी। वाराणसी की कल्पना शंड या साँड़, और रण्ड या संन्यासी, के बिना अधूरी ही रह जाएगी। शंड के न होने की बात तो संभव ही नहीं। शिव की नगरी में नन्दी-कुल की समृद्धि नकारी ही नहीं जा सकती। गलियों, सड़कों, नुक्कड़ों और चौराहों पर फूले, पिचके, पिटे, घिसे, सींंकिया या मुस्टण्ड शंड हर जगह मिलेंगे। गो-कुल की समृद्धि भी तो इन्हीं गो-प्रसूतों से जुड़ी है। अब वाराणसी में रहना है तो इनसे कहा तक बचना। ये खुद-मुख्तार हैं, इनकी खुद-मुख्तारी पर कोई प्रश्न-चिह्न नहीं। रही बात संन्यासियों की तो शंकराचार्य से लेकर अब तक कई नामी-बेनामी संन्यासियों की लम्बी फेहरिस्त पेश कर सकता हूँ। जिन संन्यासियों ने भोग त्याग कर स्वयं श्राद्ध किया और ज्ञानमार्गी बन जीवन्मुक्त हो गए, या होने की प्रक्रिया में हैं, उनसे मेरी कोई शिकायत नहीं। शिकायत तो उनसे है जिन्हें ज्ञान की हर घुट्टी कड़वी लगती है और जो अपने पैरों को लिप्सा की फिसलन से न बचा पाने के कारण तृष्णा के मोह जाल में उलझ जाते हैं। ऐसे अनगिनत उलझे संन्यासी, महंत, और गैरिक वस्त्रधारी, मुंड, जटाधारी या खल्वाट, छद्म-सिद्ध वाराणसी में हर कोने मिल जाएँगे। आपको ऐसे ही छद्म-सिद्धों से बच के रहना है। वैसे वाराणसी में ठगी की अपनी एक अलग ही पहचान थी। संभवतः यह ब्रिाटिश काल तक की ही सच्चाई हो। अब तो ठगी के मानदण्ड ही बदल चुके हैं।
शिव नगरी काशी के तीन प्रसिद्ध तीर्थ हैं – काशी विश्वनाथ (ज्योतिर्लिंग) मन्दिर, काल-भैरवजी का मन्दिर और गंगा तट – मुख्यतः पञ्चगंगा से अस्सी घाट तक। यह विश्वनाथ क्षेत्र ही वाराणसी का ह्मदय प्रदेश है। अन्नपूर्णा सहित विश्वनाथ की परिक्रमा में रचा-बसा यह शताब्दियों से ऐसा ही है। हाँ एक बहुत बड़ा परिवर्तन कभी नजरंदाज नहीं किया जा सकता। यहाँ एक मस्जिद भी है – विश्वनाथ मन्दिर के ठीक पीछे उत्तर की ओर लगे हाथ। कहते यह हैं कि मुगल सैनिकों ने पूर्व-स्थापित विश्वनाथ मन्दिर को तोड़कर उसकी जगह मस्जिद बना दिया। भूतभावन विश्वनाथ पास के कुएँ में कूद गए। वहीं से लाकर उन्हें अहल्या बाई होलकर द्वारा बनवाए गए आज के स्वर्ण मन्दिर में प्रतिष्ठित किया गया।

विश्वनाथ मन्दिर के बाद चलें इस शहर के कोतवाल काल भैरव के मन्दिर की ओर। इसे मात्र संयोग ही नहीं मानना चाहिए कि उनका मन्दिर वर्तमान कोतवाली से कुछ दूर पर ही है। मुझे याद है मेरी माँ बचपन में हमेशा भैरवजी का दर्शन कराकर डंडे लगवाती थी। पंडों को दक्षिणा देती थी। एकाध बार मेरे बालों की कटाई भी हुई है यहाँ। पहले बकरों की बलि भी लेते थे भैरव बाबा। अब तो संभवतः लोगों की बुद्धि पर तरस खाते हुए उन्होंने ऐसी बलि लेनी बंद कर दी है। फिर भी आप जाइए और सुबह से शाम तक अगर बाबा के मन्दिर पर धरना दीजिए तो आपका दूसरा लोक तो उनके आशीष से सँवर ही जाएगा, इस लोक के लंद-फंद से जूझने की ताकत भी मिलेगी। कासी सेवन का एक दूसरा अंदाज भी है। यह बनारस का चौथा सत्य है-

चना, चबेना गंग जल जो पुरवै करतार।
कासी कभी न छोडिए विश्वनाथ दरबार।।

मैं इसका एक दूसरा ही संस्करण प्रस्तुत करना चाहूँगा –

चना भंग गंगा-जल पाना।
विश्वनाथपुर छोड़ न आना।
अगर भगवान विश्वनाथ की कृपा से चना, भाँग, गंगा-जल और पान मिलता रहे तो बनारस छोड़ कहीं और जाने का जोखिम कोई क्यों उठाए। यही एक शहर है जहाँ अकेला चना भी भाड़ झोंकने की अहमियत रखता है। रही भोजन के लिए चना ही काफी है की बात – तो इस पर बहस की गुंजाइश हो सकती है। जिसकी गाँठ में नामा हो वह चने की कीमत नहीं आँक सकता। जिसका गरूर यह हो कि वह चने खाकर भी ताल ठोकता हुआ काशी में ही रहने का जोखिम उठाएगा, ऐसा ही आदमी चना खाकर अकेले भाड़ झोंकने की हिमाकत कर सकता है। यहीं भाँग के बारे में भी कुछ कहना जरूरी हो जाता है। अगर नहीं तो इस तरह यह सारी दुनिया पर क्यों हावी हो जाता। बनारस मस्त शहर है और इस मस्ती के लिए भाँग एक निहायत जरूरी चीज है। सुनते हैं कि जापानी लोग चाय-पान के पहले चाय-संस्कार करते हैं। भाँग पीने या गोला निगलने के पहले उसका संस्कार जरूरी हो जाता है। पहले गंगा के किनारे या गंगा पर तिरती हुई नावों में सिलबट्टे पर भाँग पीसने का रिवाज हुआ करता था। यही रिवाज इस संस्कारी शहर का भंग संस्कार पर्व बन गया था। एक ऐसा पर्व जो साल के हर दिन मनाया जाता था। संस्कृत भाँग विजया की संज्ञा पाकर संस्कर्ता के लिए विजया-पर्व बन जाता था। एक ऐसा पर्व जिसका धर्म मस्ती से अलग और कुछ हो ही नहीं सकता। आज यह भंग-पर्व महा-शिवरात्रि और होली के दो विशेष दिनों तक ही सीमित होकर रह गया है। होली का भंग-पर्व बहुत हद तक आधुनिक सुरा पर्व बन गया है। बुढवा-मंगल, यानी गए साल के आखिरी मंगल की रात, गंगा के वक्ष पर बजरों पर खनकती घुँघरुओं की आवाज पर रूपाजीवाओं की थिरकन, भंग की तरंग में बहकते रईसों की आन-बान अब याददाश्त की बात भर रह गई है। बनारस की रईसी मर चुकी है, ठीक वैसे ही जैसे यहाँ की गुण्डा संस्कृति। महाराज बनारस श्री चेत सिंह के जमाने तक वाराणसी की गुण्डा-संस्कृति सदाबहार रही। वारेन हेÏस्टग्ज़ को इसी संस्कृति ने धूल चटाई। तब गुंडा शब्द का अर्थ ही अलग हुआ करता था।
महाशिवरात्रि के भंग-पर्व को तब तक कोई खतरा नहीं जब तक वाराणसी शिव के त्रिशूल पर टिकी रहेगी और जब तक लोक-मानस लोकगीतों में रचा-बसा पार्वती का यह उपालंभ गुनगुनाता रहेगा कि,
हे भोलेनाथ, तुम्हारी गैल मुझे नहीं रहना।
सिर चढी गंगा क्या कम थी जो एक दूसरी मलामत भाँग ले बैठे।
इसे घोटने का दर्द उतना नहीं जितना तुम्हारे सिर चढकर इसके बोलने का

घोटने के इसी दर्द ने अब भाँग और ठंडाई को सड़कों पर उतार कर रख दिया है। जी हाँ, भाँग घोटने और ठंडाई छानने की बात घरों से उठ कर गुदौलिया की कुछ दुकानों पर जाकर बैठ गई है। अब आपको छानना हो तो गुदौलिया पर मिश्राम्बु जाइए, उससे आगे जा सकें तो बाँस-फाटक की ढाल पर कन्हैया चित्र-मन्दिर से आगे बार्इं ओर गली में जाइए। मेरी दृष्टि में छान-पर्व का दिव्य तीर्थ यही है। भाँग-ठंडाई के साथ, खासतौर पर बनारसी (मगही) पान का योग मणि-काञ्चन योग की तरह ही मान्य होना चाहिए। पान की महिमा आयुर्वेद से लेकर संस्कृत काव्यों तक सर्वत्र चर्चित है। पान फेरा जाता है, कत्था जमाया जाता है, और चूना लगाया जाता है। यही फेरने, जमाने और लगाने की लयात्मक प्रक्रिया मगही पान के पत्तों पर उतर कर रसानुभूति बन जाती है। इस रसानुभूति का सद्यः उद्रेक जर्दे के बिना कुछ विशेष रियाज से ही संभव है। यही पान है जिसके दो बीड़े महाराज श्री हर्ष के करकमलों से पाकर अतीत का कवि जीवन का सर्वस्व प्राप्त कर लेता था। अब तो केशव का पान बनारस की शान बना लंका तिराहे पर धूनी रमा कर बैठ गया है।
अब अन्त में आइए गंगा पर जो वाराणसी की पहचान है। इसके घाट और पाट दोनों ही अपने आप में इस शहर का इतिहास छुपाए सदियों से जी रहे हैं। गंगा मात्र नदी नहीं है। यह तो भारतीय काल-चक्र में रसी-बसी वर्तमान की कोख से उभरी अतीत की भविष्य-सन्तान है, आत्मा है। चूँकि आत्मा नित्य है इसलिए गंगा भी नित्य है। गंगा न कभी पैदा हुई, न मरी, न फूली, न फली, न विकसी, न झरी – बस सदा एकरस बनी रही। यही गंगा का एकरस बने रहना परंपरा है। लेकिन लोग तो कहते हैं कि गंगा का प्रादुर्भाव हिमालय में गंगोत्री में हुआ। यह दृष्टि-दोष है। गंगा का प्रभव गंगोत्री में अवश्य हुआ। पर प्रभव शब्द का अर्थ क्या है। ईसापूर्व दूसरी शती के पतञ्जलि-कृत व्याकरण-महाभाष्य में प्रभव शब्द का अर्थ प्रादुर्भाव नहीं माना गया है। इसमें न्याय-वैशेषिक और सांख्य दर्शनों के साक्ष्य पर यह बताने की कोशिश की गई है कि प्रभव का अर्थ प्रथम दर्शन है। इस प्रथम दर्शन की साक्षी भी परंपरा ही है – भरत के भारत की कालजयी बहु-आयामी बृहत्तर परंपरा। इस कालजयी परंपरा की चर्चा क्रमशः, फिर कभी, अभी तो बस इतना ही।

Powered By Indic IME